बीकानेर (प्रमोद आचार्य): जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने जयपुर रोड स्थित मिनी वित्त भवन में कोषालय के लिए बनने वाले स्ट्रांग रूम का भूमि पूजन करते हुए बुधवार को इसकी आधारशिला रखी। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि इसका निर्माण समयबद्ध और पूर्ण गुणवत्ता के साथ किया जाए, जिससे स्ट्रांग रूम का उपयोग आवश्यक कार्यों के लिए हो सके। इस दौरान संयुक्त निदेशक पेंशन सुश्री पुष्पांजलि श्रीमाली, स्थानीय निधि अंकेक्षण विभाग के संयुक्त निदेशक पूंजाराम गर्ग, कोषाधिकारी धीरज जोशी, अतिरिक्त कोषाधिकारी पेंशन सुश्री चंद्रकला, जलदाय विभाग की लेखाधिकारी ललिता नानकानी, नगर निगम के लेखाधिकारी अशोक माली सहित कोष कार्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इस परिसर का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करवाया जाएगा। यह वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूर्ण होना संभावित है। भूमि पूजन सहायक लेखाधिकारी प्रथम दयानिधि तिवाड़ी ने करवाया। इस दौरान सहायक कोषाधिकारी अशोक कुमार हर्ष, सहायक लेखाधिकारी चंद्रप्रकाश भोजक, भंवरलाल प्रजापत, शरद वर्मा, वीरेंद्र शर्मा आदि ने विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।