जयपुर/पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): पिलानी विधायक पितराम सिंह काला ने विधानसभा में नियम 50 के तहत पिलानी में सरकारी कॉलेज खोलने की मांग को लेकर स्थगन प्रस्ताव रखा। विधायक पितराम सिंह काला ने मुद्दा उठाते हुए कहा कि पिलानी विधानसभा मुख्यालय है। यहाँ लगभग 45 निजी एवं सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय संचालित है। यहाँ से 18 किमी के दायरे में कोई सरकारी महाविद्यालय नहीं है। एससी, एसटी, ओबीसी, किसान, मजदूर, व्यापारी इत्यादि को कस्बे में अधिक फीस देकर पढने हेतु बाध्य होना पड़ता है। छात्र/छात्राओं को दूर जाने पर अधिक भार पड़ता है। निजी महाविद्यालय की फीस अधिक होने के कारण पढाई बीच में ही छोड़ने हेतु बाध्य होना पड़ता है। पिलानी में पूर्व में निजी महाविद्यालय एमके साबू कॉलेज के नाम से संचालित था। इसका भवन अनुदान से बना था। अनुदान से यहाँ शिक्षण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित थी। वर्तमान में इसको बंद कर दिया गया है। साबू कॉलेज के मालिक साबू सेठ इस महाविद्यालय को भू माफियों को बेचकर पिलानी के छात्र/छात्राओं के अधिकारों का कुठाराघात कर उनके मूल अधिकार से वंचित करना चाहते है। उन्होंने सरकारी महाविद्यालय खोलने की पुरजोर मांग की, जिससे छात्र/छात्राओं व अभिभावकों को राहत मिल सके। सरकार को इस पर जल्दी कार्रवाई करके एमके साबू कॉलेज का अधिग्रहण करके सरकारी कॉलेज खोलना चाहिए, जिससे कि विद्यार्थियों को पढ़ाई का मौका मिले और साबू कॉलेज बिकने ना पाए। कॉलेज में बिल्डिंग एवं जमीन की सभी सुविधाएं मौजूद हैं। विदित हो इस मुद्दे को लेकर आयुष अंतिमा (हिन्दी समाचार पत्र) एवं अखिल भारत हिन्दू महासभा के प्रदेश कोर कमेटी अध्यक्ष व अखिल भारतीय ब्राह्मण परिषद (रजि) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ.राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला ने पत्र लिखकर मांग की थी कि एमके साबू पीजी कालेज का अधिग्रहण कर इसे सरकारी महाविद्यालय का दर्जा दिया जाए।
विधायक काला ने विधानसभा में स्थगन प्रस्ताव नियम- 50 के तहत रखी पिलानी में सरकारी कॉलेज की मांग
By -
February 23, 2026
0
Tags: