झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिले की नवलगढ़ पंचायत समिति के नवलड़ी गांव में शुक्रवार रात्रि को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने की। रात्रि चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने ग्रामीणों की पेयजल, बिजली, सड़क, स्वच्छता, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, चिकित्सा एवं शिक्षा से जुड़ी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही समाधान एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य प्रशासन को सीधे गांव तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण करना है। आमजन की सहभागिता से शासन-प्रशासन और अधिक प्रभावी बनता है। रात्रि चौपाल के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ.छोटेलाल गुर्जर, समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ.पवन पूनिया, आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ.जितेंद्र स्वामी, उद्यानिकी विभाग के उपनिदेशक डॉ.विजयपाल कस्वां, नवलगढ़ उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
नवलड़ी गांव में रात्रि चौपाल आयोजित, जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
By -
December 31, 2025
0
Tags: