घरड़ाना खुर्द गांव के पहले एमबीबीएस डॉक्टर का अभिनंदन

AYUSH ANTIMA
By -
0


पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): पीएमश्री महात्मा गांधी शहीद कुलदीप सिंह राजकीय विद्यालय घरड़ाना खुर्द में विद्यालय के पूर्व छात्र और घरड़ाना खुर्द गांव के पहले एमबीबीएस डॉ.सुरेश कुमार केडिया व उनकी धर्मपत्नी कुसुम केडिया का विद्यालय परिवार की ओर से अभिनंदन और स्वागत किया गया। डॉ.केडिया ने 45 वर्ष पूर्व बीकानेर मेडिकल कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की थी। डॉ.केडिया वर्तमान में रांची झारखंड में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने कक्षा 6 से 8 तक इसी विद्यालय में अध्ययन किया था और आज 55 वर्ष बाद वह इस विद्यालय में फिर से आकर अभिभूत हैं, उन्हें फिर से अपने बचपन की व गांव की यादें ताजा हो गई। प्रधानाचार्य दीपचंद लाखवान, ओम प्रकाश, सरिता कुमारी, शारदा और घरड़ाना खुर्द ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राव, एसडीएमसी सदस्य कोच हरदयाल सिंह और अशोक राव ने डॉ.सुरेश कुमार केडिया और उनकी धर्मपत्नी कुसुम केडिया का माल्यार्पण और साफा पहनाकर स्वागत किया। डॉ.दंपति ने स्वतंत्रता सेनानी रिछपाल सिंह राव की स्मृति में निर्मित विद्यालय की डिजिटल लाइब्रेरी, सुरेश राव मदर्स एजुकेशन हब जयपुर द्वारा निर्मित कंप्यूटर लैब, नौरंग राम द्वारा निर्मित सरस्वती मंदिर, बाल वाटिका कक्षा कक्ष एवं निर्माण अधीन कार्य का भी अवलोकन किया और कहा कि यहां की कंप्यूटर लैब और लाइब्रेरी बहुत ही उच्च स्तरीय हैं, एक राजकीय विद्यालय में इस तरह की सुविधा मिलना दुर्लभ है। ग्रामवासियों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को भी डॉक्टर केडिया ने सराहा। डॉ.केडिया ने विद्यालय में सीसीटीवी लगवाने हेतु ₹ 51000/ की सहयोग राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानाचार्य का आभार व्यक्त करता हूं, जो लगातार 5 वर्ष से मेरे संपर्क में है, विद्यालय में होने वाली हर गतिविधि से अवगत करवाते हैं और हर वर्ष राष्ट्रीय त्योंहार और वार्षिकोत्सव पर मुझे आमंत्रित करते हैं। विद्यालय में शैक्षिक उन्नयन एवं सुरक्षा के लिए सीसीटीवी हेतु एक छोटा सा योगदान देकर मै मातृभूमि के प्रति अपने कर्तव्य का पालन कर रहा हूं। उसी का परिणाम है कि आज मैं लगभग 20 साल बाद अपने गांव आया हूं। मैं भविष्य में भी विद्यालय में आता रहूंगा और इसी तरह से सहयोग करता रहूंगा। प्रधानाचार्य दीपचंद लाखवान ने कहा कि डॉ.केडिया ने रास्ता दिखाया और आज घरड़ाना खुर्द गांव राजस्थान के उन चुनिन्दा गांवों में से हैं, जहां पर 100 से अधिक एमबीबीएस और एमडी डॉक्टर हैं। डॉ.सुरेश केडिया और उनकी धर्मपत्नी का विद्यालय में सहयोग के लिए आभार प्रकट किया गया। ईश्वर सिंह राव, कोच हरदयाल सिंह राव और कुसुम केडिया ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में मीर सिंह, रणवीर सिंह, विक्रम सिंह शेखावत, भूपेंद्र कुमार वर्मा, सुनील कुमार, संजय तंवर, नरेंद्र कुमार सैनी, विकास कुमार सैनी, संजीव कुमार, राकेश कुमार, प्रमोद सिलायच सहित समस्त स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता जितेंद्र तंवर ने किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!