व्यापारिक लेन–देन के बहाने बंधक बनाकर मारपीट, नग्न कर वीडियो बनाने का आरोप

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर/बज्जू(नारायण उपाध्याय) । पुलिस थाना बज्जू क्षेत्र में व्यापारिक लेन–देन के विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक व्यापारी और उसके साथी को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने, लूटपाट, अश्लील वीडियो बनाने और जान से मारने की धमकियां देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की हालत गंभीर होने पर उसे बीकानेर से जयपुर रेफर करना पड़ा, जहां इलाज के बाद उसकी जान बच सकी। पुलिस के अनुसार करणीनगर बीकानेर निवासी भोमराज राठी (55) पुत्र हजारीमल राठी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह और उसका चचेरा भाई चाँदरतन राठी संयुक्त रूप से व्यापार करते हैं। उनकी फर्म श्री श्याम इंडस्ट्रीज की बज्जू में तेल मिल (आरडी-931) और अनाज मंडी में दुकान है।

पीड़ित ने बताया कि 23 दिसंबर 2025 को व्यापारिक लेन–देन के बहाने ओमप्रकाश घायल व उसका पुत्र संजय कुमार ने उन्हें बज्जू बुलाया। शाम करीब 8:30 बजे दुकान पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौच शुरू कर दी और उसी रात अपने काश्तकार गंगाबिशन सहित 7–8 अन्य लोगों को बुला लिया। आरोप है कि आरोपियों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए, शटर गिराकर दोनों को बंधक बना लिया और जमकर मारपीट की। इस दौरान चाँदरतन का चश्मा तोड़ दिया गया, भोमराज से सोने की अंगूठी और 10 हजार रुपये छीन लिए गए। इसके बाद दोनों को निर्वस्त्र कर मोबाइल से फोटो व वीडियो बनाए गए और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।


पीड़ित का आरोप है कि उससे मोबाइल फोन छीन लिया गया, सादे कागजों व दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर कराए गए तथा दुकान पर कब्जा करने की नीयत से रात में बिस्तर तक मंगवा लिए गए। रात करीब 2 बजे तक दोनों को बंधक बनाकर रखा गया। लगातार शारीरिक व मानसिक यातना के कारण भोमराज की तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर आरोपियों ने धमकी देते हुए दोनों को छोड़ दिया। चाँदरतन किसी तरह भोमराज को नजदीकी अस्पताल ले गया, जहां से बीकानेर और बाद में 25 दिसंबर को जयपुर रेफर किया गया। फिलहाल पीड़ित की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण में सिर, हाथों, पीठ व शरीर पर चोटों के निशान पाए। पीड़ित ने इलाज के कारण रिपोर्ट में देरी होना बताया। थाना बज्जू पुलिस ने मामले में धारा 115(2), 126(2), 127(2), 307, 331(6), 352, 324(2), 189(2) बीएनएस सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक आमप्रकाश को सौंपी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!