किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ की बैठक संपन्न

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद सैनी): कृषि उपज मंडी में स्थित भगवान लक्ष्मीनारायण जी के मंदिर में भारतीय किसान संघ की बैठक जिलाध्यक्ष रमेशचंद जाट की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें किसानों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। बैठक में तहसील की सभी ग्राम सेवा सहकारी समितियों को सक्रिय करने के लिए सभी जीएसएस अध्यक्षों को पत्र लिखने, जिनमें ग्राम सेवा सहकारी समितियों में गोदाम नहीं हैं, उनमें गोदाम बनवाने हेतु उप रजिस्ट्रार सहकारी समिति टोंक को पत्र लिखने सहित कई प्रस्ताव लिए गए। जिलाध्यक्ष रमेश चंद जाट ने बताया कि तहसील की सभी ग्राम सेवा सहकारी समितियां उर्वरकों का विपणन करेंगी तो किसानों को अपने पंचायत क्षेत्र में ही अच्छे गुणवत्तापूर्ण एवं असली उर्वरक बिना काला बाजारी के उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों किसानों को उर्वरको के लिए लाइनों में खड़ा रहना पड़ा। अगर ग्राम सेवा सहकारी समितियों में उर्वरक उपलब्ध होते तो किसानों को ऐसी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ता। बैठक में कृषि मंडी समिति सचिव कमल किशोर सोनी से भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर मंडी में आने वाले सरसों के सीजन में किसानों के लिए वाहन पार्किंग पर विस्तृत चर्चा की गई। जिस पर मंडी सचिव ने बताया कि मंडी प्रशासन ने किसानों के लिए वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था की है। इसके अलावा गेट पास, किसान कलेवा एवं प्याऊ को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। जिस पर कृषि मंडी सचिव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए बताया कि मंडी में किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर पर जिला सहमंत्री रामगोपाल रोलानीया, तहसील अध्यक्ष रामराय जाट, तहसील मंत्री रामकिशन, सदस्य हरिशंकर, रूपनारायण, बद्री लाल व हनुमान प्रसाद सहित कई किसान मौजूद थे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!