डूंगर महाविद्यालय में ‘सुमंगलम्-2026 अंतर्गत स्टूडेंट्स ने दी नृत्य-संगीत की रंगारंग प्रस्तुतियां

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर। डूंगर महाविद्यालय में सांस्कृतिक सप्ताह सुमंगलम् 2026 के अंतर्गत बुधवार को एकल गायन, समूह गायन, एकल नृत्य एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसबीआई के उप महाप्रबंधक अरविंद भट्ट, लीना भट्ट एवं विशिष्ट अतिथि एसबीआई सादुलगंज शाखा प्रबंधक महेंद्र मीणा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेंद्र पुरोहित ने की।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। संगीत विभाग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।  

कार्यक्रम की शुरूआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। मुख्य अतिथि अरविंद भट्ट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन की प्रत्येक परिस्थिति में आत्मविश्वास एवं दृढ़ता के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने महाविद्यालय को उच्च स्तरीय वाटर कूलर, आरओ एवं फर्नीचर उपलब्ध कराने की घोषणा की। इससे पूर्व महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेंद्र पुरोहित ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

सांस्कृतिक समिति प्रभारी प्रो. लीना शरण ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि साहित्यिक एवं सांस्कृतिक सप्ताह सुमंगलम् में बैंकिंग क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है। सुमंगलम्-2026 के प्रभारी प्रो. अन्नाराम शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों में सहभागिता से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है। प्रो. कैलाश स्वामी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। 

प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे—
एकल गायन: दिव्यांशु प्रथम, श्रवण पंवार द्वितीय, प्रथम शर्मा एवं प्रतीक सारस्वत तृतीय।
समूह गायन: अशरफ समूह प्रथम, सानिया समूह द्वितीय, रजत समूह तृतीय।
एकल नृत्य: कोमल देपावत प्रथम, ख्वाहिश खान द्वितीय, संजना तृतीय।
समूह नृत्य: संजना समूह प्रथम, कोमल समूह द्वितीय एवं विकास समूह तृतीय स्थान पर रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!