बीकानेर। जिले के छतरगढ़ बस स्टैंड पर दिनदहाड़े बस में तोड़फोड़ की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बस संचालन के रूट को लेकर चल रहे पुराने विवाद के चलते कार से पहुंचे कुछ युवकों ने एक निजी ट्रेवल्स की बस को निशाना बनाया। अचानक हुई इस घटना से बस स्टैंड पर हड़कंप मच गया और यात्रियों व दुकानदारों में भय का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस स्टैंड पर खड़ी निजी ट्रेवल्स की बस पर कार में सवार युवक अचानक पहुंचे और बस के आगे, पीछे व साइड के शीशे तोड़ दिए। तोड़फोड़ के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को अवगत कराया।
सूचना पर छतरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए सीओ खाजूवाला अमरजीत चावला के सुपरविजन में थानाधिकारी नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुछ ही समय में दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में बसों के रूट को लेकर विवाद सामने आया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना के बाद बस स्टैंड पर मौजूद ग्रामीणों व स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं।