बीकानेर, (सरजीत सिंह)। हरि प्यारी सेवा समिति एवं We Are Foundation Trust के संयुक्त तत्वाधान में शिव बाड़ी मंदिर परिसर में वस्त्रदान महादान का भव्य आयोजन किया गया। इस सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत दोनों संस्थाओं द्वारा बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को गर्म वस्त्र वितरित किए गए। विशेष रूप से ठंड समर्थ परिवारों को गर्म कपड़े प्रदान किए गए, जिससे उन्हें ठंड से राहत मिल सके।
कार्यक्रम का उद्देश्य मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को सशक्त करना रहा। वस्त्रदान को भारतीय संस्कृति में महादान का दर्जा प्राप्त है। ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को वस्त्र देना न केवल उनके जीवन की रक्षा करता है, बल्कि समाज में करुणा, सहयोग और मानवता की भावना को भी मजबूत करता है। वस्त्रदान से असहाय और गरीब वर्ग को सम्मान के साथ जीवन जीने का सहारा मिलता है, यही इसका सबसे बड़ा महत्व है।
इस अवसर पर हरि प्यारी सेवा समिति के विजय कपूर ने कहा,
“ठंड के इस मौसम में जरूरतमंदों को गर्म वस्त्र उपलब्ध कराना सच्ची मानव सेवा है। हरि प्यारी सेवा समिति आगे भी इसी प्रकार समाज के कमजोर वर्ग के लिए सेवा कार्य करती रहेगी।”
वहीं We Are Foundation Trust की फाउंडर डायरेक्टर एवं अध्यक्ष अर्चना सक्सेना गोयल ने कहा कि वस्त्रदान केवल दान नहीं, बल्कि किसी के जीवन में आशा और सुरक्षा का भाव भरने का माध्यम है। हमारा प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति ठंड में असहाय न रहे।