बीकानेर(नारायण उपाध्याय)। शहर की सार्दुलगंज कॉलोनी में मकान पर फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीकानेर पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आरएसटी, डीएसटी और पुलिस थाना सदर की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
घटना 10 सितंबर 2025 की है, जब अज्ञात बदमाशों ने सार्दुलगंज कॉलोनी में एक मकान पर फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उच्चाधिकारियों ने जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। इसके बाद सदर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने लगातार सुराग जुटाए और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने फायरिंग की घटना में शामिल संजय नायक और उसके सहयोगी सुनील को हरियाणा के महेन्द्रगढ़ से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों से घटना में शामिल अन्य बदमाशों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही मोटरसाइकिल चला रहे आरोपी विक्की, उसके साथी रमनदीप और एक अन्य आरोपी शिवसिंह भलूरी को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है।